मतदान अपडेट : गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र में 66.81 प्रतिशत मतदान

nspnews 19-04-2024 Regional

नरसिंहपुर। लोकसभा निर्वाचन 2024 के प्रथम चरण में मंडला संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र में 19 अप्रैल को मतदान हुआ। सुबह से ही मतदान केन्द्रों में उत्साह के साथ मतदान करने मतदाता पहुंचे। कई मतदान केन्द्रों में सुबह से कतार लगी नजर आयी। तेज गर्मी के बावजूद यहां मतदाताओं ने लोकतंत्र के पर्व में बढ़चढ़ कर भाग लिया। अंतिम जानकारी मिलने तक गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र में मतदान का आंकड़ा 66.81 प्रतिशत तक पहुंच चुका था। 
कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने किया मतदान केन्द्रों का निरीक्षण
कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले सुबह 5 बजे से डिस्ट्रिक्ट कम्युनिकेशन सेंटर के वेबकास्टिंग रूम पहुंचकर मतदान केन्द्रों की पल- पल की गतिविधियों की जानकारी पर नजर बनाये हुए थी। उन्होंने सभी मतदान केन्द्रों पर हुए मॉकपोल के बारे में जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने बचई एवं डांगीढाना के मतदान केन्द्रों का भी निरीक्षण किया। मतदान केन्द्रों पर मौजूद मतदाताओं से चर्चा की।
      कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्राम बौछार, करकबेल, मेख, ठाकुर निरंजन सिंह महाविद्यालय व उत्कृष्ट विद्यालय गोटेगांव में बनाये मतदान केन्द्रों का भी संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया। जहां शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न होना पाया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीठासीन अधिकारी की डायरी देखी। मतदान दल के सदस्यों से मॉकपोल की जानकारी ली। साथ ही अब तक हुये मतदान प्रतिशत के बारे में भी पूछा।

 

प्रादेशिक